हिमाचली सेब को देशभर के बाजारों तक पहुंचाएगा रेलवे: शिमला में आज बनेगा ढुलाई का रोडमैप

6/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों के लिए राहत भरी पहल के तहत आज शिमला में इंडियन रेलवे और हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि एवं बागवानी उत्पाद विपणन बोर्ड (एचपी मार्केटिंग बोर्ड) के बीच अहम बैठक होगी। बैठक में हिमाचली सेब की देश के विभिन्न राज्यों तक तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बैठक में सेब सीजन के दौरान रेलवे के माध्यम से परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने, विशेष कार्गो सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रमुख मंडियों तक समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। साथ ही कोल्ड चेन, लोडिंग-पॉइंट, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य हिमाचली सेब को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद सहित देश के प्रमुख उपभोक्ता बाजारों तक कम समय में पहुंचाना है, ताकि किसानों को बेहतर दाम मिल सकें और परिवहन लागत भी कम हो।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रेलवे के माध्यम से नियमित कार्गो सेवा शुरू होती है तो सड़क परिवहन पर निर्भरता घटेगी, सेब की गुणवत्ता बनी रहेगी और समय पर आपूर्ति होने से बागवानों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

बैठक में रेलवे अधिकारियों, मार्केटिंग बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों तथा बागवानी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। बैठक के बाद सेब परिवहन को लेकर महत्वपूर्ण फैसलों और कार्ययोजना की घोषणा की जा सकती है।

Share the news