
13 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
कांगड़ा।


कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित परिवारों को भूमि मुआवजा और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) की राशि वितरित करने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
एसडीएम डॉ. अंजली गर्ग के अनुसार, अब तक करीब ₹2,300 करोड़ का भूमि मुआवजा प्रभावित लोगों को वितरित किया जा चुका है। वहीं करीब ₹293 करोड़ की राशि अभी लंबित है। यह राशि न्यायालय में लंबित मामलों, दावों और एक ही भूमि पर एक से अधिक दावेदार होने के कारण रुकी हुई है।
14 में से 10 महालों के आर एंड आर अवॉर्ड पूरे
डॉ. अंजली गर्ग ने बताया कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) के तहत भी अब तक करीब ₹170 करोड़ वितरित किए जा चुके हैं। कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित कुल 14 महालों में से 10 महालों के आर एंड आर अवॉर्ड पूरे किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने एसडीएम का कार्यभार संभाला था, उस समय तक सात महालों के आर एंड आर अवॉर्ड पूरे हुए थे। इसके बाद तीन और महालों के अवॉर्ड पूरे किए गए हैं।
15 से 20 अगस्त तक बाकी महालों के अवॉर्ड का लक्ष्य
एसडीएम ने बताया कि शेष महालों के आर एंड आर अवॉर्ड की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। प्रशासन ने 15 से 20 अगस्त के बीच बाकी महालों के अवॉर्ड पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
प्रशासन के अनुसार, भूमि अधिग्रहण के साथ प्रभावित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना प्राथमिकता है।
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार परियोजना में मुआवजे और आर एंड आर अवॉर्ड की प्रक्रिया में हुई यह प्रगति प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





