
18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
जोगिंदर नगर

विकासखंड चौंतड़ा के एचपी शिवा परियोजना के तहत खड़ीहार क्लस्टर में लीची के पौधों की पहली खेप पहुंच गई है। करीब 10 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस क्लस्टर से 74 बागवान लाभान्वित होंगे।
बागवानी विकास अधिकारी चौंतड़ा निद्धि ठाकुर ने बताया कि खड़ीहार क्लस्टर में कुल 6,000 लीची के पौधे लगाए जाने हैं। इसके तहत 3,000 पौधों की पहली खेप क्लस्टर में पहुंच चुकी है।
बागवानों को दिया पौधारोपण का प्रशिक्षण
लीची के पौधों की खेप पहुंचने पर स्थानीय बागवानों ने उत्साह के साथ पौधे प्राप्त किए। इस दौरान विभाग की ओर से बागवानों को लीची के पौधों के उचित पौधारोपण और देखभाल संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया।
बागवानों को बताया गया कि पौधारोपण के समय प्रत्येक गड्ढे में 10 से 15 किलोग्राम अच्छी तरह गली-सड़ी गोबर की खाद और 500 ग्राम सिंगल सुपर फॉस्फेट डालना सुनिश्चित करें। इससे पौधों के बेहतर विकास में मदद मिलेगी और भविष्य में स्वस्थ एवं उत्पादक बगीचा तैयार किया जा सकेगा।
बागवानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
खड़ीहार क्लस्टर के तहत कुल 74 बागवानों को इस परियोजना का लाभ मिलेगा। एचपी शिवा परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में लीची के बगीचे विकसित होने से स्थानीय बागवानों की आय बढ़ने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत फलदार फसलों को बढ़ावा देने से क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों-बागवानों के लिए आय के नए अवसर पैदा होंगे।






