
9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-A), मंडी के रेड रिबन क्लब (RRC) के तत्वावधान में बुधवार को संस्थान परिसर में HIV/AIDS और नशा दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता फ्लैश मॉब का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नृत्य, नारों और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
फ्लैश मॉब के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों ने HIV/AIDS से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, HIV/AIDS के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना तथा समाज में सही जानकारी और जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम को करीब 500 प्रशिक्षणार्थियों ने देखा। इस दौरान प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, जीवन और भविष्य पर गंभीर असर डाल सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर RRC नोडल अधिकारी प्रवीण धीमान ने प्रशिक्षणार्थियों से नशे से दूर रहने और HIV/AIDS से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से समाज में HIV/AIDS को लेकर फैली गलत धारणाओं को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज के भविष्य की आधारशिला है। यदि युवा नशे को ना कहने और जागरूकता फैलाने का संकल्प लें, तो स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।
फ्लैश मॉब के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों ने “नशे को कहें ना, जागरूकता को कहें हाँ—स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें” का संदेश दिया।





