
12 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय, कुल्लू में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंटरैक्टिव साइबर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सत्र में अबिषेक सेकर, भा.पु.से., पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने विद्यार्थियों से संवाद किया और डिजिटल वेलनेस, मानसिक स्वास्थ्य तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं संतुलित उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी, ‘डिजिटल अरेस्ट’ और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने के लिए भी जागरूक किया गया।
AI Tools के इस्तेमाल में डेटा सुरक्षा पर जोर
कार्यक्रम में AI Tools के उपयोग के दौरान डिजिटल गोपनीयता और डेटा सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को सतर्क किया गया। व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी ऑनलाइन साझा करते समय सावधानी बरतने तथा फर्जी समाचार और भ्रामक सूचनाओं को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करने के महत्व पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को तकनीक और सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण एवं सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार में शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
विद्यार्थियों ने पूछे साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों का समाधान करते हुए साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।
कुल्लू पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
कुल्लू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता, जागरूकता और समय पर कार्रवाई बेहद जरूरी है।





