
14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। गाय के साथ कथित तौर पर निर्दयता करने और उसे रस्सी से घसीटकर वाहन में डालने के मामले में कुल्लू पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जांच में शामिल किया है। पुलिस थाना कुल्लू में Prevention of Cruelty to Animals Act की धारा 11(1)(a) और BNS की धारा 3(5) के तहत 13 सितंबर 2026 को अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब 6:40 बजे शिकायतकर्ता बबेली-सेऊबाग पुल के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर दो युवकों को एक गाय के गले में रस्सी बांधकर उसे जबरदस्ती घसीटते हुए वाहन में डालते देखा।
शिकायतकर्ता द्वारा पूछताछ करने पर युवकों ने गाय को खरीदकर जिया ले जाने की बात बताई। शिकायतकर्ता ने गाय को अपनी बताया, जिसके बाद मौके पर मौजूद एक युवक वहां से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक मौके पर पकड़े गए वाहन चालक की उम्र 20 वर्ष है और वह गांव ग्वाली, तहसील पधर, जिला मंडी का निवासी है। वहीं, मौके से फरार हुआ दूसरा युवक 40 वर्ष का है और गांव जिया, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू का निवासी बताया गया है।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार युवक को भी पकड़ लिया। दोनों युवकों को जांच में शामिल करते हुए नियमानुसार गिरफ्तार कर नोटिस पर पाबंद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।





