आईटीआई पधर में कैरियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | पधर, मंडी

मंडी। श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग के सौजन्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पधर में प्रशिक्षुओं के लिए कैरियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को कैरियर, रोजगार, स्वरोजगार, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने प्रशिक्षुओं को विभिन्न रोजगार अवसरों और रोजगार से संबंधित जानकारी प्रदान की। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से राजेश कुमार और प्रताप ने आरसेटी के माध्यम से संचालित विभिन्न प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार योजनाओं तथा उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी।

जल शक्ति विभाग पधर के कनिष्ठ अभियंता प्रेम सिंह ने फिटर और प्लंबर ट्रेड से जुड़े रोजगार एवं कैरियर के अवसरों के बारे में प्रशिक्षुओं को विस्तृत जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य शिक्षक उर्मिला चंदेल ने किशोरावस्था और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को नशे के दुष्प्रभावों और इसके नकारात्मक प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया।

प्रशिक्षण संस्थान में कार्यरत प्रशिक्षकों हिमाचली देवी, भानू प्रताप सिंह ठाकुर, पुनीत कुमार, राजीव कोहली, डागी राम और अंकुश शर्मा ने भी अपने-अपने विषयों से संबंधित कैरियर विकल्पों एवं रोजगार के अवसरों के बारे में प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पधर के प्रधानाचार्य सुनील कुमार का विशेष सहयोग रहा।

Share the news