महिला खेलों से दिया स्वच्छ हवा और नशा मुक्ति का संदेश

04/10/2026
KHABAR ABHI ABHI
MANDI
स्वच्छ हवा और नशा मुक्त सुंदरनगर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुंदरनगर में महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने किया। यह आयोजन “स्वच्छ हवा, नशा मुक्त सुंदरनगर” अभियान के तहत किया गया, जिसमें महिला क्रिकेट मैच मुख्य आकर्षण रहा।
प्रतियोगिताओं में एसडीएम कार्यालय के स्टाफ, विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों की टीमों तथा महिला मंडलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी और नगर परिषद सुंदरनगर की अध्यक्षा रूमा चौहान ने भी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
महिलाओं के लिए क्रिकेट, रस्साकशी, स्किपिंग, थ्री-लेग्ड रेस और 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य महिलाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ स्वच्छ हवा, नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। खेलों के माध्यम से इन महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों को जनचर्चा का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि “स्वच्छ हवा, नशा मुक्त सुंदरनगर” अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को की गई थी। अभियान की योजना और जनजागरूकता गतिविधियों में क्रयाश संस्था के डॉ. धर्मेश शर्मा भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। भविष्य में भी विभिन्न आयु वर्गों और सामाजिक समूहों को जोड़कर जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।

Share the news