आवश्यक वस्तुओं की नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करें : अपूर्व देवगन

5 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के वीसी रूम में सार्वजनिक वितरण कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, गुणवत्ता नियंत्रण, बाजार निरीक्षण और राशन कार्ड से जुड़ी डिजिटल सेवाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को आवश्यक वस्तुओं की नियमित और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाजारों और उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जनवरी से अगस्त 2026 तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जिले में 31,066.8 मीट्रिक टन आटा, 19,192.4 मीट्रिक टन चावल, 3,699.3 मीट्रिक टन दालें, 3,578 मीट्रिक टन चीनी, 25,33,934 लीटर खाद्य तेल और 1,216.4 मीट्रिक टन नमक वितरित किया गया।

इसी अवधि में विभिन्न नियंत्रण आदेशों के तहत जिले में 6,487 निरीक्षण किए गए। निरीक्षण के दौरान 4,787 किलोग्राम पॉलीथीन जब्त कर 36,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। उचित मूल्य की दुकानों, थोक गोदामों और मिलों में अनियमितताओं के मामलों में 78,664 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा 1,190 किलोग्राम फल एवं सब्जियां जब्त कर 67,110 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 68 एलपीजी सिलेंडर जब्त कर 1,09,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जनवरी से अगस्त तक विभाग ने कुल 2,91,024 रुपये का जुर्माना वसूला।

871 उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीनें

बैठक में बताया गया कि जिले की सभी 871 उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीनें उपलब्ध करवा दी गई हैं और विक्रेताओं एवं डिपो धारकों को इनके संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। आधार सीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि मोबाइल सीडिंग 96.59 प्रतिशत तक पूरी हो गई है। ई-केवाईसी को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए फेस ई-केवाईसी का कार्य भी जारी है।

इसके बाद जिला स्तरीय सतर्कता समिति के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित बैठक आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि जिले में अधिनियम के तहत 4,07,403 लाभार्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है।

38,786 विद्यार्थियों को फोर्टिफाइड चावल

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बच्चों एवं महिलाओं के पोषण की भी समीक्षा की गई। जिले के 1,063 प्राइमरी स्कूलों के 13,279 और 753 अपर प्राइमरी स्कूलों के 25,507 विद्यार्थियों, यानी कुल 38,786 बच्चों को मिड-डे मील योजना के तहत भारतीय खाद्य निगम द्वारा उपलब्ध करवाया गया फोर्टिफाइड चावल नियमित रूप से दिया जा रहा है।

जननी सुरक्षा योजना के तहत 350 लाभार्थियों को 2,77,300 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे हस्तांतरित की गई है। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 6 माह से 3 वर्ष तक के 26,246 बच्चों, 3 से 6 वर्ष के 7,662 बच्चों, 5,029 गर्भवती महिलाओं और 4,346 स्तनपान कराने वाली माताओं को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

बैठकों का संचालन जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक ब्रिजेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अशोक कुमार चौहान, डीपीओ आईसीडीएस अजय बदरेल, सहायक पंजीयक सहकारी सभा राजेश जसवाल, एरिया मैनेजर सिविल सप्लाईज संजीव वर्मा, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा प्रारंभिक सुनील ठाकुर सहित सार्वजनिक वितरण कमेटी और जिला स्तरीय सतर्कता समिति के अन्य सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Share the news