
KHABAR ABHI ABHI
मंडी, 30 अक्टूबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बगला में विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 21वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सफलता उसकी भव्य इमारतों से नहीं, बल्कि वहां से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले विद्यार्थियों के चरित्र, ज्ञान, संस्कार और उपलब्धियों से आंकी जाती है।
रोहित ठाकुर ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल वर्ष 2021 में देशभर में 21वें स्थान पर था, जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि एनएएस-2025 में प्रदेश ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, परख-2024 में विद्यार्थियों की आधारभूत भाषा और सीखने की क्षमता राष्ट्रीय औसत से बेहतर रही। परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी हिमाचल 13वें स्थान से छठे स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य का गौरव मिलने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर प्रोत्साहित कर रही है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को विदेशों में शैक्षणिक भ्रमण के अवसर भी दिए जा रहे हैं, ताकि वे आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नई तकनीकों से परिचित हो सकें।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने और समाज को बेहतर बनाने का साधन है। शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने का आह्वान किया।
रोहित ठाकुर ने विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान को नैक से मान्यता मिलना शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर उन्होंने अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में संस्थान के प्रस्तावित स्कूल भवन की आधारशिला रखी और परिसर में पौधारोपण भी किया।
समारोह में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संस्थान के चेयरमैन गौरव मारवाह, चेयरपर्सन कविता मारवाह और प्रधानाचार्य डॉ. दीप्ति सहित प्रबंधन सदस्यों ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, पूर्व विधायक तिलकराज शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








