एसडीएम सरकाघाट का औचक निरीक्षण, बाल गृह में बच्चों की सुविधाएं जांचीं; मिठाइयों के सैंपल भी पाए गए मानकों पर खरे

KHABAR ABHI ABHI
सरकाघाट, 30 अक्टूबर। एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने शुक्रवार को बाल गृह भरनाल का औचक निरीक्षण कर वहां बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रहन-सहन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने दिवाली के मद्देनजर ढलवान बाजार में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की जांच की। इस दौरान मिठाइयों के नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए।

बाल गृह के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अध्ययन कक्ष, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, भोजनालय और शयन कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक भोजन, बेहतर शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य जांच और खेलकूद व व्यायाम की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

बाल गृह प्रभारी प्रेम सिंह ने एसडीएम को संस्थान की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं से अवगत करवाया। इस पर एसडीएम ने समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इसके बाद एसडीएम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलवान में बाल गृह के बच्चों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों ने भी अपनी भावी योजनाएं और आकांक्षाएं साझा कीं।

त्योहारी सीजन को देखते हुए एसडीएम ने ढलवान बाजार में मिठाई विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच करते हुए दुकानदारों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर जगदीश शर्मा तथा नायब तहसीलदार कार्यालय ढलवान का स्टाफ भी उपस्थित रहा।

Share the news