
3/8/2026
सोलन।
खबर अभी अभी
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी CPI(M) की सोलन लोकल कमेटी के सदस्यों ने उपायुक्त (DC) सोलन के माध्यम से प्रधानमंत्री, भारत सरकार तथा मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में E20 पेट्रोल नीति की समीक्षा करने, पेट्रोल की कीमतों में कमी करने, शुद्ध (एथेनॉल-मुक्त) पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा एथेनॉल उत्पादन से होने वाले जल एवं पर्यावरणीय प्रभावों की वैज्ञानिक जांच करवाने की मांग की गई।
CPI(M) के जिला सचिव *राकेश कुमार* ने कहा कि E20 पेट्रोल के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं का वैज्ञानिक एवं व्यापक मूल्यांकन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता और वाहन की तकनीकी क्षमता के अनुसार एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल का विकल्प भी उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि एथेनॉल उत्पादन में पानी की खपत और इसके पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों का स्वतंत्र एवं वैज्ञानिक अध्ययन करवाया जाना चाहिए, ताकि नीति लागू करने से पहले इसके दीर्घकालिक प्रभावों का आकलन किया जा सके।
CPI(M) नेताओं ने सरकार से पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से आम जनता को राहत देने तथा पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की। पार्टी ने कहा कि सरकार को जनहित को प्राथमिकता देते हुए E20 नीति की समीक्षा करनी चाहिए और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए।





