
खबर अभी अभी
मथुरा:
उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को महज आधे घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि भूतेश्वर और नए बस स्टैंड के रेलवे अंडरपास में चार से पांच फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे बन गए कि अंडरपास से गुजर रही कई कारें और बाइक पानी में फंस गईं और प्रशासन को यातायात बंद करना पड़ा।
बारिश के बाद ट्रैफिक पुलिस ने फंसे वाहन चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला और क्रेन की मदद से कारों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों अंडरपासों पर जेसीबी लगाकर आवाजाही रोक दी गई।
बारिश ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किलें
सुबह से उमस भरी गर्मी के बीच करीब 11 बजे मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। मात्र आधे घंटे की बारिश में शहर के नाले-नालियां उफान पर आ गए और कई सड़कें जलमग्न हो गईं। भूतेश्वर चौराहा रेलवे पुल और नए बस स्टैंड रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
दोनों स्थानों पर पहले से चल रहे निर्माण कार्य ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। भूतेश्वर चौराहे पर पाइपलाइन का कार्य चल रहा है, जबकि नए बस स्टैंड पर रेलवे की तीसरी लाइन बिछाई जा रही है। मार्ग बंद होने के कारण कई लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक के रास्ते आने-जाने को मजबूर हुए।
कई कॉलोनियां जलमग्न, नगर निगम के दावों पर सवाल
तेज बारिश के कारण श्रीजी बाबा आश्रम, कृष्णा नगर, शंकर विहार, राधिका विहार, महोली रोड और चंदनवन समेत कई निचले इलाके पानी में डूब गए। नालों से निकला कूड़ा-कचरा सड़कों पर फैल गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि मानसून से पहले नालों की सफाई के दावों के बावजूद आधे घंटे की बारिश में ही शहर जलमग्न हो गया। लोगों का कहना है कि यदि लगातार दो-तीन घंटे बारिश हुई तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।
जलभराव के बाद शहर में लगा भीषण जाम

बारिश थमने के बाद सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। भूतेश्वर और नए बस स्टैंड अंडरपास बंद होने से ट्रैफिक वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करना पड़ा, जिससे रिंग रोड और शहर के अंदरूनी मार्गों पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
महिला अस्पताल में भी भरा पानी
बारिश का असर जिला महिला अस्पताल पर भी दिखाई दिया। अस्पताल के मुख्य द्वार पर जलभराव होने से मरीजों और उनके परिजनों को गंदे पानी से होकर ओपीडी तक पहुंचना पड़ा। गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आए लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम ने शुरू कराया जल निकासी अभियान
महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने प्रभावित इलाकों में जल निकासी शुरू कराई। नए बस स्टैंड अंडरपास पर चार अस्थायी पंपसेट लगाकर पानी निकाला गया, जबकि भूतेश्वर अंडरपास पर तीन पंपसेट लगाए गए। अधिकारियों के अनुसार, करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद भूतेश्वर अंडरपास को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।

8 जुलाई को फिर भारी बारिश की संभावना
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 8 जुलाई को जिले में 15 से 16 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।





