कंगना रनौत पर विक्रमादित्य सिंह का पलटवार, बोले- पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की पूरी जानकारी नहीं

13 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
शिमला।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर लोक निर्माण मंत्री एवं शिमला ग्रामीण विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा सांसद कंगना रनौत पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी की पूरी जानकारी नहीं है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनाथ बच्चों और विधवा महिलाओं की सहायता के लिए पेट्रोल-डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर सेस लगाया है।

उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बयान देने के साथ-साथ ई-20 ईंधन से वाहनों की माइलेज और आम लोगों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव का मुद्दा भी उठाना चाहिए।

हिमाचल के ₹1,500 करोड़ का मुद्दा भी उठाएं कंगना : विक्रमादित्य

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश के लिए घोषित करीब ₹1,500 करोड़ की सहायता राशि का मुद्दा भी भाजपा सांसद को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को दिल्ली जाकर हिमाचल के हक की इस राशि को जल्द जारी करवाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

बारिश से प्रभावित सड़कों को खोलने में जुटी मशीनरी

प्रदेश में बारिश के कारण प्रभावित हो रहे सड़क मार्गों को लेकर लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सड़कों को बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में मशीनरी को मौके पर तैनात किया गया है और सड़कों की बहाली की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान कई सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर खोला जा रहा है ताकि लोगों की आवाजाही और आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।

मानसून के बाद तेज होगा टायरिंग का काम

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों की टायरिंग का निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं हो सका, जिसका एक कारण बिटुमेन की कीमतों में बढ़ोतरी रहा है। उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद सड़कों की टायरिंग का काम दोबारा तेज गति से शुरू किया जाएगा और निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के किसानों, बागवानों और आम लोगों को बारिश के कारण किसी तरह की परेशानी न होने देना है।

Share the news