
खबर अभी अभी
किन्नौर, 3 जुलाई।
जनजातीय जिला किन्नौर में मानसून ने दस्तक के साथ ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। चोलिंग के समीप बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 मलबे और दलदल से पट गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क पर गुजर रहे कई वाहन मलबे में फंस गए और यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और मार्ग बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाने और फंसे वाहनों को निकालने का काम जारी है। प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग-5 को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मानसून के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।





