कुल्लू में नशे के खिलाफ अभियान होगा तेज, 28 अति संवेदनशील पंचायतों पर प्रशासन की नजर

KHABAR ABHI ABHI
30/10/2026
कुल्लू। उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान, एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई, वित्तीय जांच, अवैध भांग एवं अफीम की खेती की रोकथाम और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए कुल्लू पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने का अभियान पूरी दृढ़ता से जारी रहेगा।

उन्होंने शिक्षा विभाग को नवचेतना मॉड्यूल के तहत अध्यापकों को प्रशिक्षण देने और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। स्कूलों में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता गतिविधियों की मासिक रिपोर्ट जिला स्तरीय समिति की बैठकों में प्रस्तुत करने को भी कहा।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्कूलों में खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से एंटी चिट्टा शपथ दिलाई जाए। साथ ही नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएं।

उन्होंने युवाओं को खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कौशल विकास और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में जिले की 28 अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों में गठित नशा निवारण समितियों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इन समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने और पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण विभाग, नगर निकायों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, जिले में अवैध भांग एवं अफीम की खेती की समयबद्ध पहचान कर उसे नष्ट करने और संबंधित मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में अवैध खेती और नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, एसडीएम कुल्लू डॉ. जयवंती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news