कृष्णानगर क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की तैयारी, संक्रमण फैलने का खतरा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

26 अगस्त 2023

Shimla krishna nagar will be declared containment zone risk of spreading infection

राजधानी के कृष्णानगर वार्ड में भूस्खलन के कारण मची तबाही के बाद अब संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड के स्लॉटर हाउस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की तैयारी है। यहां स्लॉटर हाउस के मलबे में दर्जनों बकरों और मुर्गियों के दबने से भारी दुर्गंध फैल गई है। हालत यह है कि कृष्णानगर वार्ड के निचले इलाकों में लोगों को घर खाली करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

दुर्गंध इतनी ज्यादा फैल चुकी है कि कई परिवारों ने मकान खाली भी कर दिए हैं। नगर निगम ने भी इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के लिए उपायुक्त शिमला को पत्र लिखा है। कंटेनमेंट जोन घोषित होते ही इस क्षेत्र में आवाजाही बंद कर दी जाएगी। साथ ही इस क्षेत्र से 500 मीटर के दायरे में आने वाले निचले इलाकों में पानी के सभी स्रोतों का इस्तेमाल बंद करवाया जा रहा है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार मलबे के नीचे दबे जानवरों के शवों से संक्रमण फैल सकता है। बारिश से यहां का पानी निचले इलाकों में जा रहा है। इससे जानवरों को होने वाले संक्रमण इंसानों में फैल सकता है। लोगों ने कहा कि नगर निगम को इस बारे जल्द सख्त कदम उठाने चाहिए।

डीसी से मिले पार्षद बोले, कहां जाएं लोग
कृष्णानगर वार्ड से पार्षद बिट्टू कुमार शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य नेगी से मिले और ज्ञापन सौंपा। कहा कि इस क्षेत्र में दुर्गंध के चलते लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों को घर खाली करने पड़ रहे हैं। दुर्गंध इतनी ज्यादा फैल चुकी है कि वार्ड के निचले इलाकों में महामारी फैल सकती है। ऐसे में यहां मलबे को हटाया जाए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news