
13 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
धर्मशाला।

हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए अब ‘खेलो हिमाचल’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र सिंह गोमा ने कहा कि यह आयोजन ‘खेलो इंडिया’ की तर्ज पर किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का आयोजन अक्तूबर से नवंबर के बीच ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक किया जाएगा।
वीरवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान गोमा ने बताया कि ‘खेलो हिमाचल’ में करीब 8 से 10 खेलों को शामिल किया जाएगा। इनमें वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन समेत अन्य खेल शामिल होंगे। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। ब्लॉक स्तर से शुरू होने वाली प्रतियोगिताओं को आगे जिला और प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।
सीएम पर टिप्पणी को लेकर धर्मशाला विधायक पर निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान यादविंद्र सिंह गोमा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर धर्मशाला के स्थानीय विधायक की ओर से की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के विधायक को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।
गोमा ने आरोप लगाया कि भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और उसके नेता बयानबाजी के जरिए सुर्खियां बटोरने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बीच अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की होड़ मची हुई है।
“विकास की लड़ाई लड़ें, आपसी लड़ाई नहीं”
खेल मंत्री ने धर्मशाला के विधायक को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को आपसी राजनीतिक लड़ाई के बजाय जनता की समस्याओं और विकास के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
गोमा ने भाजपा नेताओं पर जंतर-मंतर में हुए लाठीचार्ज सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर चुप रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।





