नेरचौक कंसा डंपिंग साइट के खिलाफ संघर्ष तेज, 5 सितंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल

2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | नेरचौक

नेरचौक के कंसा स्थित डंपिंग साइट को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का संघर्ष अब और तेज होने जा रहा है। जिला परिषद सदस्य अनिल सैनी उर्फ डिंपल सैनी ने डंपिंग साइट के विरोध में 5 सितंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) मंडी से अनुमति भी प्राप्त कर ली है।

भूख हड़ताल 5 सितंबर को सुबह 10 बजे शुरू होगी। अनिल सैनी का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य कंसा पंचायत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के स्वास्थ्य तथा पर्यावरण की रक्षा करना है।

दुर्गंध और प्रदूषण से परेशानी का आरोप

अनिल सैनी ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की ओर से कंसा में संचालित डंपिंग साइट के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि साइट से उठने वाली तेज दुर्गंध, गंदगी और प्रदूषण से आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डंपिंग साइट के कारण क्षेत्र के पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

कार्रवाई होने तक जारी रहेगा आंदोलन

जिला परिषद सदस्य ने स्पष्ट किया कि जब तक कंसा स्थित डंपिंग साइट को हटाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आंदोलन में सहयोग देने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि 5 सितंबर से शुरू होने वाली क्रमिक भूख हड़ताल डंपिंग साइट हटाने की मांग को लेकर आंदोलन का अगला चरण होगी।

Share the news