
नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पटियाला से चिट्टे के कथित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 17.88 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी से जुड़े मामले की जांच के दौरान सामने आई सप्लाई चेन के आधार पर की गई।
पुलिस थाना सदर में 16 अगस्त 2026 को अभियोग संख्या 200/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 21 और 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी राजेन्द्र कुमार और समुन कुमार के कब्जे से कुल 17.88 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ी जांच
मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े एक अन्य आरोपी की पहचान की। पुलिस ने निखिल कुमार को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चिट्टे के सप्लायर की पहचान पटियाला निवासी जसपाल के रूप में की।
पंजाब में दबिश देकर जसपाल सिंह उर्फ जस्सा गिरफ्तार
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सदर थाना पुलिस की टीम ने जसपाल सिंह उर्फ जस्सा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान जसपाल सिंह उर्फ जस्सा पुत्र विचित्र सिंह, निवासी गांव जोगे वाला, डाकघर एवं तहसील पातड़ां, जिला पटियाला, पंजाब, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है।
अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब मामले की सप्लाई चेन की पूरी कड़ी तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।
जांच में Backward और Forward Linkages को खंगाला जा रहा है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस द्वारा संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।






