पशुपालन विभाग कुल्लू ने कई योजनाओं में हासिल किए शत-प्रतिशत लक्ष्य, 216 संस्थानों की ऑनलाइन मैपिंग पूरी

खबर अभी अभी
कुल्लू
पशुपालन विभाग जिला कुल्लू ने विभिन्न राष्ट्रीय योजनाओं के तहत बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। विभाग के उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी डॉ. संजय ठाकुर ने बताया कि विभाग की विभिन्न गतिविधियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रदर्शन के आधार पर ही भविष्य में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा संचालित टीकाकरण अभियान भी इन्हीं प्रमुख मानकों (पैरामीटर) में शामिल है। जिला कुल्लू में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लगभग शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है।
डॉ. ठाकुर ने बताया कि जिले के 216 पशुपालन संस्थानों की ऑनलाइन मैपिंग का कार्य भी लगभग पूर्ण कर लिया गया है। यह प्रक्रिया भारत सरकार के भारत पशुधन पोर्टल के माध्यम से पूरी की जा रही है, जिससे विभागीय गतिविधियों की पारदर्शी निगरानी संभव हो सके।
उन्होंने कहा कि विभाग की निःशुल्क कृत्रिम गर्भाधान योजना भी प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पशुपालकों को तीन बार तक निःशुल्क कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा प्रदान की जाती है। इस योजना से संबंधित सभी आंकड़ों की ऑनलाइन अपलोडिंग भी विभाग ने शत-प्रतिशत पूरी कर ली है।

डॉ. संजय ठाकुर ने कहा कि पशुपालन विभाग भविष्य में भी पशुपालकों के हित में विभिन्न योजनाओं और अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करता रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग समय-समय पर अपनी गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

Share the news