
खबर अभी अभी
चुनावी नतीजों से खिसकी सुक्खू सरकार के पैरों तले जमीन, विधानसभा चुनाव में होगी करारी हार: जयराम ठाकुर
-पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की निर्विरोध विजय के उपलक्ष्य में आयोजित विजय रैली में लिया भाग
कहा, पंचायत और स्थानीय नगर निकाय चुनावों के हालिया नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और कार्यप्रणाली से पूरी तरह हो चुकी है त्रस्त
मंडी: मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का जश्न मनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंचायत और स्थानीय नगर निकाय चुनावों के हालिया नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और कार्यप्रणाली से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण अब सरकार के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि इन चुनावों ने आने वाले विधानसभा चुनावों की पटकथा लिख दी है, जहां कांग्रेस सरकार का इससे भी बुरा हश्र होगा और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ एकतरफा जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर, रातों-रात नियमों में बदलाव कर रही है और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर तरह-तरह के प्रशासनिक व राजनीतिक दबाव बनाकर चेयरमैन, वाइस चेयरमैन तथा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के पदों पर जबरन कब्जा करने की साजिशें रच रही है, लेकिन जनता और विपक्ष उनके इस षडयंत्र को कभी कामयाब नहीं होने देंगे। आपदा प्रबंधन के मुद्दे पर सुक्खू सरकार को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंडी जिले ने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान सबसे अधिक नुकसान झेला था, परंतु राहत और पुनर्वास की दिशा में काम करने के बजाय संवेदनहीन सरकार ने इस जिले को आवंटित की गई आपदा राहत राशि को भी वापस ले लिया है, जिससे आज यहां के प्रभावित लोग पूरी तरह से बदहाली में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता सरकार के इन जनविरोधी फैसलों, साजिशों और भेदभावपूर्ण नीतियों को कभी नहीं भूलेगी तथा आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इस तानाशाही का करारा जवाब देकर प्रदेश में विकासोन्मुखी सरकार की वापसी का मार्ग प्रशस्त करेगी।
इससे पूर्व उन्होंने जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की निर्विरोध विजय के उपलक्ष्य में आयोजित विजय रैली में शिरकत की और नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के सभी जिला परिषद सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ भी दी। वहीं वीरवार सुबह ही जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव से पहले 29 सदस्य पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मिले और मंडी सर्किट हाउस में बैठक कर अध्यक्ष पद के लिए खिलडा वार्ड से सदस्य अमरू राम और उपाध्यक्ष के लिए थाची वार्ड से बोदी देवी के नाम पर सर्वसहमति बनाई। इस मौके पर विधायक अनिल शर्मा,विनोद कुमार, राकेश जम्वाल, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद, दीपराज, दलीप ठाकुर और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद भी उपस्थित रहे।





