राजकीय महाविद्यालय आनी में अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस का आयोजन, विद्यार्थियों ने गांधीवादी विचारधारा पर रखे विचार

4/10/2026
KHABAR ABHI ABHI
KULLU

राजकीय महाविद्यालय आनी में 3 अक्टूबर को राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. पम्पी घामट्टा ने स्वागत भाषण के साथ किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर मुख्य अतिथि एवं संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और अहिंसा के सिद्धांत की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अहिंसा केवल शारीरिक हिंसा से बचने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विचारों, व्यवहार और जीवनशैली में शांति, सहिष्णुता तथा परस्पर सम्मान को अपनाने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में सद्भाव, संवाद और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गांधीवादी विचार और अहिंसा का संदेश समाज के लिए महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों शीतल गोस्वामी, अरुण ठाकुर, दीक्षा, मित्तल, शिवानी ठाकुर और चेतना वर्मा ने भी अहिंसा के महत्व, गांधीवादी विचारधारा तथा वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने कहा कि बढ़ती असहिष्णुता, संघर्ष और सामाजिक तनाव के बीच अहिंसा का संदेश पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में राजनीति विज्ञान विभाग की उपाध्यक्ष शीतल गोस्वामी ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Share the news