राष्ट्रीय स्कूल खेलों में हिमाचल के खिलाड़ियों ने जीते तीन गोल्ड, 4 रजत और 8 कांस्य पदक

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

10 जून 2023

Himachal won three gold, four silver and eight bronze medals in National School Games

दिल्ली, ग्वालियर तथा भोपाल में जारी स्कूल खेलों की 66वीं अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को राष्ट्रीय स्कूल खेलों में हिमाचल के खिलाड़ियों में तीन गोल्ड, 4 रजत और 8 कांस्य पदक जीते। बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कुश्ती, कबड्डी और ताइक्वांडो की प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। दिल्ली, ग्वालियर और भोपाल में हो रही खेल प्रतियोगिताओं में सूबे के 365 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

6 जून से 13 जून तक आयोजित हो रही प्रतियोगिता के पांचवें दिन शनिवार को बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिमाचल के शिवांश ने कर्नाटक के तुषार को 21-16 एवं 21-16 से हराया। युगल मुकाबले में हिमाचल के शिवांश और प्रणव की जोड़ी ने कर्नाटक के तुषार एवं जयद को 27-25, 19-21, 21-16 से हराकर जीत दर्ज की। भोपाल में हिमाचल के बॉक्सर अंकुश कुमार ने 52 किलोग्राम भार में गोल्ड मेडल, अभिषेक ने 46 किलोग्राम में, पुष्कर मस्ताना ने 80 किलोग्राम में और वंशिका ने 91 किलोग्राम भार में रजत पदक हासिल किया।

सौरभ ने 60 किलोग्राम, आदित्य नेगी ने 45 किलोग्राम, शिल्पा ने 56 किलोग्राम और टिकमा देवी ने 59 किलोग्राम में कांस्य पदक जीता। दिल्ली में चल रही प्रतियोगिता में हिमाचल के शिवांश ठाकुर ने 96 किलोग्राम में गोल्ड मेडल और प्रज्ञा ने 76 किलोग्राम में कांस्य पदक जीता। कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवान सलोनी ने रजत और अर्पित ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया। ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अर्जुन, आरजू ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया। प्रदेश की टीम ने कबड्डी महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव और उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने इस शानदार प्रदर्शन के लिए सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी है। हिमाचल स्कूल क्रीड़ा संगठन के महासचिव संतोष चौहान ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहली बार हिमाचल को 16 मेडल हासिल हुए हैं।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news