शिमला में जनगणना 2027 के दूसरे चरण का 65 प्रतिशत कार्य पूरा

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत शिमला जिला में चल रहे जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास ने की।

बैठक में बिस्वजीत दास ने जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में अत्याधुनिक तकनीक और विभिन्न डिजिटल टूल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर के हिम-बाधित और दुर्गम क्षेत्रों में भी जनगणना का कार्य किया जा रहा है, जहां भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण कई चुनौतियां सामने आती हैं। इसके बावजूद फील्ड स्टाफ निर्धारित समय सीमा से पहले लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

5,00,621 लोगों और 1,24,343 परिवारों का कवरेज

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बैठक में जनगणना के दूसरे चरण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 की शाम तक शिमला जिला में कुल 7,68,664 की आबादी में से 5,00,621 लोगों की जनगणना का कार्य पूरा किया जा चुका है।

इसी प्रकार जिला में कुल 1,90,946 परिवारों में से 1,24,343 परिवारों को अब तक कवर किया जा चुका है। इस तरह 15 सितंबर तक जनगणना कार्य की प्रगति लगभग 65 प्रतिशत दर्ज की गई है।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान प्रगति को देखते हुए जिला प्रशासन को उम्मीद है कि 25 सितंबर 2026 तक शिमला जिला का निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों का संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी गति और समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय से पहले हासिल किया जा सके।

बैठक में निदेशक जनगणना हिमाचल प्रदेश दीपशिखा, आयुक्त नगर निगम शिमला सचिन कंवल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, उपमंडलाधिकारी शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, उपमंडलाधिकारी शिमला शहरी सन्नी शर्मा, तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news