सराहां में 10.76 करोड़ की लागत से बन रहा कोर्ट भवन, पांच मंजिलें लगभग तैयार

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सिरमौर

सराहां: पच्छाद उपमंडल के सराहां में करीब 10 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बन रहे कोर्ट भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। भवन की पांच मंजिलें लगभग तैयार हो चुकी हैं। नए भवन के तैयार होने के बाद पच्छाद क्षेत्र के लोगों को एक ही परिसर में तीनों अदालतों से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि नए कोर्ट भवन में तीन कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को न्यायालय से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। एक ही भवन में सुविधाएं उपलब्ध होने से न्यायालयीन कार्यों में सहूलियत के साथ मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को भी गति मिलने की उम्मीद है।

विश्राम गृह में होती थी व्यवस्था

सराहां में साप्ताहिक कोर्ट के दौरान न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पिछले कई वर्षों से विश्राम गृह में ठहरने की व्यवस्था करनी पड़ती है। कोर्ट भवन के निर्माण के बाद पच्छाद कोर्ट से संबंधित अधिकांश कामकाज सराहां स्थित नए परिसर से संचालित किया जा सकेगा।

नए भवन में लोगों की सुविधा के लिए लिफ्ट का प्रावधान किया गया है। न्यायाधीशों के लिए अलग लिफ्ट की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा भवन में पुलिस रूम, वकीलों के लिए लाइब्रेरी, महिला और पुरुष लॉकअप समेत न्यायालय से संबंधित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

36 पंचायतों को मिलेगा लाभ

क्षेत्रवासियों राजेंद्र शर्मा, बाग पशोग पंचायत प्रधान राजेश्वरी शर्मा, बनाहां धिनी पंचायत के पूर्व प्रधान अनूप शर्मा, देव स्वरूप शर्मा, विनोद शर्मा, योगेंद्र नेगी और देवांशु शर्मा ने कहा कि सराहां में नियमित रूप से पूरे महीने कोर्ट की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि न्यायालय में लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे के साथ कोर्ट से जुड़े अन्य कार्य भी स्थानीय स्तर पर सुविधाजनक तरीके से पूरे हो सकेंगे। उनके अनुसार इस न्यायालय परिसर से पच्छाद क्षेत्र की 36 पंचायतों के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने मांग की कि भवन का निर्माण पूरा होने के बाद न्यायालय की सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध करवाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके।

गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद आर्य ने बताया कि कोर्ट परिसर भवन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भवन को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

नए कोर्ट भवन के निर्माण से पच्छाद क्षेत्र में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Share the news