हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ (HGCTA) स्थानीय इकाई, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी

खबर अभी अभी
मंडी, 06 जुलाई 2026:
हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ (HGCTA) के राज्यव्यापी आह्वान पर आज वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में स्थानीय इकाई द्वारा गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समर्थन में काली पट्टियाँ (Black Badges) धारण कर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया।

गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार के समक्ष कई बार विषय उठाए जाने के बावजूद महाविद्यालय शिक्षकों की महत्वपूर्ण मांगें अभी तक लंबित हैं, जिससे शिक्षकों में निराशा का वातावरण है। उन्होंने सरकार से निम्नलिखित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया—

1. महाविद्यालय प्राध्यापकों के लिए कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) की अधिसूचना तत्काल जारी की जाए।

2. सभी पदोन्नति के मार्ग (Promotion Channels) बिना किसी विलंब के खोले जाएँ।

3. प्रत्येक पात्र प्राध्यापक को नियुक्ति तिथि से अर्हक सेवा (Qualifying Service) की गणना करते हुए पदोन्नति संबंधी लाभ प्रदान किए जाएँ।

4. लंबित महंगाई भत्ता (DA) तथा सभी बकाया एरियर का शीघ्र भुगतान किया जाए।

वक्ताओं ने कहा कि ये मांगें केवल शिक्षकों के हित तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों के मनोबल तथा संस्थागत विकास से भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की इन न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेगी।

गेट मीटिंग के अंत में सभी प्राध्यापकों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया तथा सरकार से शीघ्र वार्ता कर मांगों का समाधान करने का आग्रह किया।

Share the news