
5 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, सुक्खू सरकार पर जमकर साधा निशाना
बीबीएन-दून विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान में बद्दी में आयोजित समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव रोकने के प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की लड़ाई सड़क से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ी और सरकार को चुनाव करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से चुने गए प्रतिनिधियों का सम्मान लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनता की सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन प्रतिनिधियों का निर्वाचन लोकतंत्र की जीत और जनभावनाओं की विजय का प्रतीक है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में मंत्रिमंडल नहीं बल्कि ‘मित्र मंडल’ फैसले ले रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली का असर प्रदेश की व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है और औद्योगिक नगरी बद्दी में भी अराजकता की स्थिति पैदा हो रही है। बद्दी-दून जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, विकास और उद्योगों से जुड़े विषयों पर सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश के हितों की बजाय अपने करीबियों को खुश करने में लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘हिमाचल ऑन सेल’ की मुहिम चल रही है और लगातार प्रदेश के हितों के साथ समझौते किए जा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों से एकजुट होकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखें और प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करें। उन्होंने आने वाले समय में हिमाचल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए पूरी ताकत से कार्य करने का आह्वान किया।
औद्योगिक क्षेत्र में वसूली से रोजगार और निवेश को नुकसान : जयराम
बद्दी में सम्मान समारोह के बाद नालागढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर औद्योगिक क्षेत्र में कथित वसूली का नेटवर्क चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार और उसके संरक्षण में चल रही कथित गतिविधियों के कारण उद्योगों का भरोसा कमजोर हो रहा है और इसका सीधा असर निवेश तथा रोजगार पर पड़ सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर उद्योगों से वसूली की जा रही है, वहीं दूसरी ओर टैक्स पर टैक्स लगाकर औद्योगिक इकाइयों का मनोबल तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में प्लाट आवंटन के नाम पर करोड़ों रुपये की वसूली के आरोप सामने आ रहे हैं और कुछ अधिकारियों की तैनाती के माध्यम से उद्योगों पर अलग तरीके से दबाव बनाया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं और लगातार धरने-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस समस्या का प्रभावी समाधान नहीं कर रही।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों का पलायन चिंता का विषय है। उन्होंने दावा किया कि एशिया की बड़ी फार्मा इंडस्ट्री में शामिल एक इकाई भी प्रदेश से बाहर जाने को मजबूर हो रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के पलायन से निवेश का माहौल प्रभावित होगा, राज्य का राजस्व घटेगा और रोजगार के अवसरों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेशवासियों के हितों पर ध्यान देने और औद्योगिक क्षेत्र में विश्वास का माहौल बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था और युवाओं के भविष्य के लिए उद्योगों का संरक्षण तथा नए निवेश को आकर्षित करना बेहद जरूरी है।





