
खबर अभी अभी
शिमला,
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेश की जनता, भाजपा नेतृत्व और समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सुनामी बह रही है और चुनाव परिणामों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनाक्रोश को स्पष्ट रूप से सामने ला दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठित और प्रभावी तरीके से चुनाव लड़ा, जिसका परिणाम आज पूरे प्रदेश के सामने है। चार नगर निगमों में से तीन — मंडी, धर्मशाला और सोलन — में भाजपा ने शानदार विजय प्राप्त कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को प्रदेशभर में भारी जनसमर्थन मिला है।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है। जनता ने सरकार की नीतियों, वादाखिलाफी और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ मतदान करते हुए भाजपा पर अपना विश्वास जताया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 12 जिलों में से अधिकांश जिलों में भाजपा समर्थित जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनने जा रहे हैं। बीडीसी स्तर पर भी भाजपा का दबदबा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यह परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं बल्कि प्रदेश की जनता का सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शिमला जिला में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक समर्थन मिला है। चौपाल, रोहड़ू, रामपुर, ठियोग, कुमारसैन और शिमला ग्रामीण सहित अनेक क्षेत्रों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों की जीत यह दर्शाती है कि जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनावों को टालने और स्थगित करने के प्रयास कर रही थी क्योंकि उसे पहले से ही अपनी हार का आभास था। आज चुनाव परिणामों ने उस आशंका को सही साबित कर दिया है। प्रदेश के कई मंत्रियों को अपने ही क्षेत्रों में हार का सामना करना पड़ा है, जो सरकार की गिरती लोकप्रियता का प्रमाण है।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि नगर निगमों से लेकर जिला परिषद और बीडीसी तक जनता ने भाजपा को भरपूर समर्थन देकर यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन निश्चित है। यह जनादेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास का वोट है।
उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की जनता इतनी स्पष्टता के साथ सरकार को नकार चुकी है, तब मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और नया जनादेश लेने के लिए जनता के बीच जाना चाहिए।
संदीपनी भारद्वाज ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए प्रदेश की जनता, भाजपा के प्रदेश नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को और मजबूत करते हुए प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।





