परवाणू और बीबीएन में रोजाना पेयजल सप्लाई देने के आदेश

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

16 जून 2023

सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और बीबीएन में रोजाना पानी की सप्लाई देने के आदेश दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में हिमुडा और जल शक्ति विभाग लोगों को पानी का वितरण करते हैं। वर्तमान में परवाणू और बीबीएन क्षेत्र में रोजाना पानी की सप्लाई हो रही है। लेकिन जिला प्रशासन ने डेंगू की रोकथाम के लिए इन्हें आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही कहा है कि आगामी बरसात में भी क्षेत्र में रोजाना पानी की सप्लाई की जाए ताकि लोगों को अधिक दिन तक पानी को टंकियों में स्टोर न रखना पड़े।

वहीं लोगों को स्टोर किए पानी को भी बदलने के लिए कहा गया है। ताकि पानी में लारवा न जम सके। इसी के साथ घर के बाहर रखे गमलों समेत ऐसी चीजेें जिनमें पानी जमा होता हो उसे नियमित तौर पर खाली करने के लिए भी कहा है।

डेंगू का मच्छर न पनपे इसके लिए जिला प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। बरसात की शुरुआत में ही अन्य विभागों के साथ बैठक कर ली है और सभी को अलर्ट रहने के लिए कहा है। बीते वर्ष भी परवाणू में डेंगू के मामले 15 जून के बाद आना शुरू हो गए थे। वहीं 1700 से अधिक मामले अकेले परवाणू और आसपास के क्षेत्रों से आए थे। डेंगू के आउट ब्रेक हो जाने के बाद विभाग की चिंताएं बढ़ गईं थीं।

वहीं स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद कई जगह में टंकियों में लारवा जमा मिला था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया कि रोजाना क्षेत्र में पानी की सप्लाई न होने से घरों की टंकियों में काफी दिनों तक पानी भरा रहने से लारवा एकत्र हो रहा था। इसके बाद भी काफी मामले डेंगू के आए थे। उस दौरान भी पाया गया था कि परवाणू के कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई तीन से चार दिन बाद आ रही थी। इसके चलते पानी को स्टोर किया जा रहा था। लेकिन इस बार लारवा न जमे इसके लिए नियमित सप्लाई देने के लिए हिमुडा और जल शक्ति विभाग प्रयास भी करेगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news