बग्गी-तुंगल में किसान गोष्ठी, प्राकृतिक खेती के व्यवहारिक पहलुओं पर किसानों को दी जानकारी

2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

ग्राम पंचायत बग्गी-तुंगल में कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तत्वावधान में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को प्राकृतिक खेती, कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसान हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। गोष्ठी में 120 से अधिक किसानों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पशुपालन और कृषि योजनाओं की दी जानकारी

पशुपालन विभाग की डॉ. शिवानी ठाकुर ने किसानों को पशुपालन, देसी गायों, पशु स्वास्थ्य तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कृषि विकास अधिकारी प्रकाश चंद ने कृषि विभाग की योजनाओं, तकनीकी गतिविधियों और किसानों के हित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

प्राकृतिक खेती पर रहा विशेष जोर

गोष्ठी का मुख्य आकर्षण प्राकृतिक खेती रहा। किसानों को प्राकृतिक खेती की प्रक्रिया और इसके व्यवहारिक पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान प्राकृतिक खेती के सिद्धांत, खेत की तैयारी, बीज उपचार, बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, आच्छादन (मल्चिंग) तथा प्राकृतिक तरीके से कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने प्राकृतिक खेती से खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित कृषि उत्पाद तैयार करने और पर्यावरण संरक्षण में होने वाले लाभों के बारे में भी किसानों को जागरूक किया।

किसानों ने अधिकारियों से किया संवाद

किसानों ने अधिकारियों के साथ सक्रिय संवाद करते हुए प्राकृतिक खेती और अन्य कृषि गतिविधियों से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष चमन ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उप परियोजना निदेशक डॉ. हितेंद्र ठाकुर, खंड तकनीकी प्रबंधक सौरभ वालिया, सहायक तकनीकी प्रबंधक सपना कुमारी एवं कुसुम लता, ग्राम पंचायत बग्गी-तुंगल की प्रधान पूनम, उपप्रधान मुरारी लाल, किसान यूनियन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share the news