
खबर अभी अभी
पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरिपुर रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रोककर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान ट्रक (HP12AA-6281) से बिना किसी वैध परमिट/लाइसेंस के परिवहन की जा रही कुल 530 पेटी देसी शराब बरामद की गई।
बरामद खेप में 4300 पव्वे (86 पेटी), 6552 अध्धे (273 पेटी) तथा 2052 बोतलें (171 पेटी) शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान सुरजीत कुमार, पुत्र रणजीत सिंह, निवासी गांव भनयारकड, डाकघर एरला, तहसील बड़ोह, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
थाना बरोटीवाला में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध शराब कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी, साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।





