कांग्रेस की गारंटियां निकलीं खोखली, 28 लाख महिलाएं आज भी ₹1500 का इंतजार कर रही हैं : बलदेव तोमर पंचायतीराज चुनावों में भाजपा का दबदबा, 80 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधि भाजपा समर्थित : बलदेव तोमर

खबर अभी अभी
शिमला।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी आज शिमला दौरे पर हैं, लेकिन प्रदेश की जनता विशेषकर 28 लाख महिलाएं कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान दी गई ₹1500 प्रतिमाह की गारंटी का जवाब मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया। प्रदेश में केवल झूठे वादों और प्रचार की राजनीति हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कांग्रेस की इस बैठक में उपस्थित हैं। तोमर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने चुनावों के दौरान प्रदेश के युवाओं को 5 लाख स्थायी नौकरियां देने का वादा किया था और कहा था कि आउटसोर्स नहीं बल्कि नियमित रोजगार दिया जाएगा। लेकिन आज प्रदेश का युवा अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रोजगार देने के दावे पूरी तरह विफल रहे हैं और कांग्रेस सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी।

बलदेव तोमर ने कहा कि दूसरी ओर पंचायतीराज संस्थाओं में भारतीय जनता पार्टी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद और बीडीसी चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का लगभग 80 प्रतिशत स्थानों पर कब्जा है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश पंचायतों में भी प्रधान और उपप्रधान के रूप में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी होकर सामने आए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनाव टालने के अनेक प्रयास किए, लेकिन जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रदेश की जनता के कांग्रेस सरकार से मोहभंग और भाजपा की नीतियों एवं संगठन पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं

Share the news