
10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन आज बचत भवन में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया उपायुक्त शिमला एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में करवाई गई।
अध्यक्ष पद के लिए भूपेंद्र और सुरेंद्र रेटका, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए भरत सिंह कलांटा और मीनाक्षी प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थे।
भूपेंद्र को 13 वोट, सुरेंद्र रेटका को 10
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भूपेंद्र को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि सुरेंद्र रेटका को 10 मत मिले। मतदान के दौरान दो मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना के बाद भूपेंद्र को जिला परिषद शिमला का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
भरत सिंह कलांटा बने उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भरत सिंह कलांटा को 14 मत प्राप्त हुए, जबकि मीनाक्षी को 10 मत मिले। इस दौरान एक मत अवैध घोषित किया गया। परिणामस्वरूप भरत सिंह कलांटा को जिला परिषद शिमला का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र और उपाध्यक्ष भरत सिंह कलांटा को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पदाधिकारी जिला परिषद के दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
खबर अभी अभी | ब्यूरो शिमला





