
10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुनिहार, सोलन

कुनिहार। बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के होनहार खिलाड़ी अश्मित रघुवंशी ने बास्केटबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अश्मित का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों और अभिभावकों ने अश्मित की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
11 से 13 सितंबर तक पांवटा साहिब में होगी प्रतियोगिता
विद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच एवं रेफरी राज कुमार पाल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल संघ की ओर से राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन जिला सिरमौर के गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब में 11 से 13 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर बनाई जगह
राज कुमार पाल ने बताया कि सोलन में आयोजित जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया के दौरान अश्मित रघुवंशी ने अपने खेल कौशल, अनुशासन, फिटनेस और शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
उन्होंने कहा कि अश्मित की मेहनत और बास्केटबॉल के प्रति उसकी लगन ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। राज्य स्तर पर चयन उसके खेल करियर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विद्यालय अध्यक्ष ने दी बधाई
विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने अश्मित की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने अश्मित रघुवंशी, उसके माता-पिता जसबीर सिंह और ज्योति तथा शारीरिक शिक्षकों अमर देव और अरुणा को बधाई दी। उन्होंने अश्मित को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
गोपाल शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष और समस्त अध्यापक वर्ग ने भी अश्मित रघुवंशी को बधाई दी और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिला सोलन का नाम रोशन करने की कामना की।
खबर अभी अभी | कुनिहार, सोलन





