मलाणा घाटी में पुलिस का जनसंवाद अभियान, नशे और अपराध के खिलाफ एकजुट हुआ समाज

14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। नशे और अपराध के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कुल्लू पुलिस ने मलाणा घाटी में जनसंवाद अभियान चलाया। कुल्लू पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस., IPS ने मलाणा गांव पहुंचकर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, युवक मंडल, देवता समिति और स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया।

बैठक के दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पर्यटन एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, शिक्षा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा अवैध भांग की खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने जैसे विषय प्रमुख रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में स्थानीय जनता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तस्करी की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। इसके लिए 112 हेल्पलाइन का उपयोग करने का आह्वान किया गया।

जनसंवाद के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशे और अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कुल्लू पुलिस ने कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी, जागरूकता और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल से ही सुरक्षित पर्यटन, नशामुक्त समाज और युवाओं के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।

मलाणा घाटी से कुल्लू पुलिस का संदेश—
सुरक्षित पर्यटन • नशामुक्त समाज • जागरूक युवा • मजबूत जन-पुलिस सहभागिता

Share the news