सोलन जिले में उपभोक्ताओं को राशन दुकानों से दूसरे माह भी नहीं मिल पाया दालों का कोटा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

22 जून 2023

सोलन जिले में उपभोक्ताओं को राशन दुकानों से दूसरे माह भी दालों का कोटा नहीं मिल पाया है। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में लोगों को बाजार से महंगे दामों में दालें खरीदनी पड़ रही हैं। बताया जा रहा है कि खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से दालों का कोटा जिले को नहीं दिया गया है। लेकिन विभाग दावा कर रहा है कि एक माह का कोटा खाद्य आपूर्ति विभाग को दिया जा चुका है और इसका आवंटन भी पूरा हो गया है।

जिले में करीब 330 सरकारी राशन की दुकानें हैं। जहां पर करीब 1,40,000 उपभोक्ता इन पर निर्भर है। इन उपभोक्ताओं को मई और जून माह में दालें नहीं मिली हैं। डिपूओं में दाल चना, उड़द और मलका की दाल सस्ते दामों पर मिलती है। जबकि बाजार में यह दालें 100 रुपये से अधिक मूल्य पर मिलती हैं। दो माह से दालें न मिलने से उपभोक्ताओं का सारा बजट बिगड़ गया है।

उधर, खाद्य आपूर्ति निगम के मंडल अधिकारी विजय शर्मा ने बताया कि पिछले माह का कोटा पूरा कर लिया गया है। जबकि जून माह का कोटा गोदामों में पहुंचना शुरू हो गया है। जल्द लोगों को यह कोटा मिलना शुरू हो जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news