शूलिनी मंच के शेड उद्घाटन में मंत्री को नहीं बुलाने पर खड़ा हुआ विवाद

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

22 जून 2023

सोलन के ठोडो मैदान में बने शूलिनी मंच के जीर्णोद्धार के उद्घाटन में स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक डॉ धनीराम शांडिल को न बुलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार को शूलिनी मंच के अतिरिक्त शेड का उद्घाटन महापौर पूनम ग्रोवर ने किया जबकि इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री भी शहर में ही थे। शेड के उद्घाटन से पहले दोपहर 2:00 बजे मंत्री ने उपायुक्त कार्यालय में पत्रकारवार्ता को भी संबोधित किया। जबकि इसका उद्घाटन दोपहर 3:00 बजे किया गया। उद्घाटन के बाद शहर में इस बात की चर्चा शुरू हो गई।

The issue of not calling the minister in the shed inauguration of Shoolini Manch got heated

कुछ कांग्रेसियों ने आरोप लगाए कि इस शेड के निर्माण के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने अपने फंड से पैसा दिया था, जबकि इसमें शेड निर्माण होने के बाद न तो मंत्री को इसके उद्घाटन के लिए बुलाया और न ही उद्घाटन पट्टिका में मंत्री का नाम लिखा गया। उद्घाटन पट्टिका में महापौर के अलावा उप महापौर राजीव कौड़ा और आयुक्त जफर इकबाल का नाम है। ऐसे में अब मंत्री और स्थानीय नगर निगम आमने-सामने हो गए हैं। इससे पहले भी शूलिनी मेले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से महापौर ने किनारा किया था। वहीं हाल ही में शूलिनी मंदिर के गेट के उद्घाटन में भी स्वास्थ्य मंत्री का नाम लिखा गया था, जबकि इसमें महापौर का नाम नहीं था। उस दौरान भी यह मुद्दा चर्चा में रहा था।

इस बारे में महापौर पूनम ग्रोवर ने कहा कि यह कार्य नगर निगम के फंड से किया गया है। यह इतना ज्यादा कार्य नहीं था कि मंत्री को उद्घाटन के लिए बुलाया जाए। इसमें सियासत नहीं करनी चाहिए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news