स्मार्ट मीटर लगाने गए जेई को महिला ने जड़ा थप्पड़, एफआईआर दर्ज

2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

पुलिस चौकी भोटा के तहत उझान पटेरा में स्मार्ट मीटर लगाने गए बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान विवाद के बीच एक महिला ने कनिष्ठ अभियंता सनी कुमार को थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने संबंधित महिला के बयान भी दर्ज किए हैं और मामले की जांच जारी है।

ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज

जानकारी के अनुसार सोमवार को बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता सनी कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ स्मार्ट मीटर लगाने के लिए गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार को कुछ दिन पहले ही स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया के बारे में अवगत करवाया गया था।

बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के मीटर लगाने पहुंचने पर कथित तौर पर परिवार की महिला के साथ विवाद हो गया। इसी दौरान महिला द्वारा जेई को थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। इसके बाद कनिष्ठ अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी में बाधा पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

जेई यूनियन ने उठाया कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा

मामला सामने आने के बाद बिजली बोर्ड के जेई संगठन ने उच्च अधिकारियों के समक्ष भी शिकायत रखी है। फील्ड में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों के साथ बहसबाजी और विवाद के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं।

बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर आशीष कपूर ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता के साथ स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान अभद्र व्यवहार किया गया। मामले की सूचना पुलिस और उच्च प्रबंधन को दे दी गई है।

उन्होंने कहा कि बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया पूरे देश में चल रही है और हमीरपुर में भी करीब 35 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद की स्थिति आखिर क्यों उत्पन्न हुई।

Share the news