स्वीट ऑरेंज किसानों को संस्थागत बाजार से मिला लाभ, 22 फीसदी अधिक शुद्ध मूल्य प्राप्त

5 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी जिले के स्वीट ऑरेंज किसानों को संस्थागत बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत किसानों की उपज को रिलायंस कलेक्शन सेंटर, राजपुरा तक पहुंचाकर सफलतापूर्वक बिक्री सुनिश्चित की गई। इस पहल का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने के साथ गुणवत्ता आधारित उत्पादन, ग्रेडिंग और सॉर्टिंग को बढ़ावा देना है।

उप निदेशक बागवानी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि धर्मपुर क्षेत्र के किसान राकेश कुमार और चौधरी राम ने कुल 1,380 किलोग्राम स्वीट ऑरेंज कलेक्शन सेंटर तक पहुंचाया, जिसमें से करीब 1,250 किलोग्राम उपज स्वीकार की गई। वहीं बिलासपुर जिले के फागोग क्लस्टर के किसान अमरनाथ की करीब 1,879 किलोग्राम स्वीट ऑरेंज उपज भी रिलायंस कलेक्शन सेंटर पहुंचाई गई।

उन्होंने बताया कि निर्धारित गुणवत्ता मानकों के तहत 65 से 80 मिमी आकार वाले फलों के लिए कंपनी ने किसानों को 40 रुपये प्रति किलोग्राम का मूल्य प्रदान किया। उपयुक्त फलों के चयन, कटाई, ग्रेडिंग और सॉर्टिंग में ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी के माध्यम से किसानों को सहयोग दिया गया। टीम ने किसानों के साथ कलेक्शन सेंटर तक जाकर पूरी प्रक्रिया में आवश्यक सहायता भी प्रदान की।

डॉ. संजय गुप्ता के अनुसार परिवहन और श्रम लागत को ध्यान में रखते हुए किसानों की अनुमानित शुद्ध मूल्य प्राप्ति करीब 33 रुपये प्रति किलोग्राम रही, जबकि स्थानीय बाजार में अनुमानित शुद्ध प्राप्ति करीब 27 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इस तरह संस्थागत बाजार के माध्यम से किसानों को स्थानीय बाजार की तुलना में करीब 22 प्रतिशत अधिक शुद्ध मूल्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश सरकार, विशेषकर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के मार्गदर्शन और संबंधित विभागीय अधिकारियों के सहयोग से सफल हुई। इसमें मंडी और बिलासपुर जिलों के बागवानी अधिकारियों तथा फील्ड स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी ने किसानों और संस्थागत खरीदार के बीच बाजार संपर्क स्थापित करने के साथ फील्ड स्तर पर आवश्यक समन्वय में सहयोग प्रदान किया। इस पहल से किसानों को बेहतर बाजार विकल्प मिलने के साथ उनकी उपज की गुणवत्ता, ग्रेडिंग और सॉर्टिंग को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Share the news