
खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश ,
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। तय समय के मुताबिक वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी। दूसरे चरण में राज्य की 1276 पंचायतों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। पढ़ें पूरी खबर…
11:13 AM, 28-MAY-2026
भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने किया मतदान
भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज भी अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंच कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान करने के बाद जनकराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि आज अपनी ग्राम पंचायत में जिम्मेवारी का निर्वहन किया। पूर्ण मतदान मजबूत लोकतंत्र।
11:11 AM, 28-MAY-2026
आंखों की रोशनी न होने के बावजूद पड़ोसी के साथ वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग दौलत राम
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का उत्साह देखते ही बन रहा है। जिला शिमला में आंखों की रोशनी न होने के बावजूद मल्याणा पंचायत पहुंचे बुजुर्ग दौलत राम। दौलत राम शुराला के रहने वाले हैं। अपने पड़ोसी भीम के साथ वोट डालने आए हैं। उन्होंने बताया कि वोट डालना जरूरी है। गांव के विकास के लिए वोट जरूरी है। सशक्त उम्मीदवार को ही अपना वोट डाला है।
10:58 AM, 28-MAY-2026
कांगड़ा जिले के रक्कड़ में बार्ड नम्बर-5 में 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला वोट डालने जाते हुए।
10:38 AM, 28-MAY-2026
जमानाबाद मतदान केंद्र में उमड़ा लोकतंत्र का उत्साह
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कांगड़ा जिले के जमानाबाद मतदान केंद्र में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचने लगे। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लोकतंत्र के इस पर्व में गांव जमानाबाद के 83 वर्षीय किशोरी लाल और 90 वर्षीय कर्म चंद ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनके जज्बे की लोगों ने जमकर सराहना की। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें लोकतंत्र की सच्ची ताकत बताया। मतदान केंद्र पर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
10:21 AM, 28-MAY-2026
जिला शिमला में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी मतदान हुआ
जिला शिमला में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी वोटिंग हो गई है। भारी संख्या में युवा और बुजुर्ग मतदाता चुनाव में वोट डालने आ रहे हैं। ऐसे में इसमें ओर कुछ देर ओर अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
10:19 AM, 28-MAY-2026
रामपुर विकास खंड की 13 पंचायतों में मतदान जारी, 103 वर्षीय मोती राम शर्मा ने भी किया वोट
रामपुर विकास खंड की 13 पंचायतों में वीरवार को मतदान जारी है। बुजुर्ग और युवा मतदान के लिए काफी दिखा रहे हैं। रामपुर के लालसा में 103 वर्षीय मोती राम शर्मा ने भी मतदान किया।





