इलाज के साथ मरीजों को मिले सम्मान, संवेदना और सहयोग : डॉ. रंजीत ठाकुर

2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज और उसके तीमारदार की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका यथासंभव शीघ्र समाधान किया जाए। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने सिविल अस्पताल बंजार के औचक निरीक्षण के दौरान कही।

सीएमओ के अस्पताल पहुंचने पर खंड चिकित्सा अधिकारी बंजार डॉ. नीलम शर्मा ने उन्हें कुल्लवी टोपी और मफलर पहनाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद डॉ. ठाकुर ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ सौहार्दपूर्ण, सहानुभूतिपूर्ण और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान में आने वाला व्यक्ति केवल उपचार ही नहीं, बल्कि सम्मान, संवेदना और भरोसे की भी अपेक्षा करता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया।

नई बिल्डिंग का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सिविल अस्पताल बंजार की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, भवन की स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बंजार अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने पर जोर

डॉ. रंजीत ठाकुर ने सिविल अस्पताल बंजार में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने मशीन स्थापित करने के लिए अस्पताल परिसर में उपयुक्त स्थान का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रावधान एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में ही बेहतर उपचार के साथ आवश्यक जांच सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है। सिविल अस्पताल बंजार की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है।

अस्पताल की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएमओ ने बीएमओ डॉ. नीलम शर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारू रहें और मरीजों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी कर्मचारियों को मरीजों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

खबर अभी अभी | कुल्लू

Share the news