
ख्गाबर अभी अभी
शिमला:
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। विश्वविद्यालय ने इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल स्टडीज के बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट (बीएचएम) और फाइव ईयर इंटीग्रेटेड कोर्स इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (एफवाईआईसीटीटीएम) की नॉन-सब्सिडाइज्ड फीस में बढ़ोतरी कर दी है। साथ ही इन दोनों पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसी बीच बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया गया है, स्नातकोत्तर जेनेरिक इलेक्टिव परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है और नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को डिजिटल पहचान पत्र उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, बीएचएम की वार्षिक नॉन-सब्सिडाइज्ड फीस 60,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये कर दी गई है, जबकि एफवाईआईसीटीटीएम की फीस 50,000 रुपये से बढ़ाकर 62,500 रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है। दोनों पाठ्यक्रमों में बची हुई सब्सिडाइज्ड और नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा और इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बीएचएम के नॉन-सब्सिडाइज्ड विद्यार्थियों को अब पहले वर्ष में कुल 82,155 रुपये जमा करने होंगे, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष में कुल फीस 80,590 रुपये रहेगी। वहीं एफवाईआईसीटीटीएम के नॉन-सब्सिडाइज्ड विद्यार्थियों के लिए पहले वर्ष की कुल फीस 69,655 रुपये निर्धारित की गई है। सब्सिडाइज्ड सीटों पर पहले वर्ष की फीस छात्रों के लिए 19,345 रुपये और छात्राओं के लिए 16,345 रुपये तय की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुल्क और विश्वविद्यालय पंजीकरण शुल्क निर्धारित फीस में शामिल नहीं हैं तथा इनका भुगतान अलग से करना होगा।
उधर, एचपीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट का परिणाम भी घोषित कर दिया है। यह परीक्षा एचपीयू और सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी से संबद्ध बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए प्रदेश के 26 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। यदि किसी अभ्यर्थी को अपनी श्रेणी या विषय वर्ग से संबंधित कोई त्रुटि दिखाई देती है तो वह 9 जुलाई तक ई-मेल के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकता है। अंतिम मेरिट सूची 14 जुलाई को जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की जेनेरिक इलेक्टिव (जीई) परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम भी जारी किया है। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 8 जुलाई तथा चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 9 जुलाई को आयोजित होंगी। कुछ विषयों की परीक्षा का समय पहले जारी डेटशीट की तुलना में बदला गया है, इसलिए विद्यार्थियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा एचपीयू ने नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को डिजिटल पहचान पत्र जारी करने का निर्णय लिया है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. आर.एल. जिंटा ने ईआरपी टीम के साथ बैठक कर डिजिटल आईडी कार्ड को ईआरपी मॉड्यूल में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन में ही डिजिटल पहचान पत्र सुरक्षित रख सकेंगे। सोमवार को प्रो. आर.एल. जिंटा ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण का कार्यभार भी संभाल लिया तथा कुलपति प्रो. महावीर सिंह से शिष्टाचार भेंट की।





