
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 जून 2023
धर्मशाला में जुलाई में देश के विभिन्न स्थानों पर होने वाली बैंडमिंटन की ऑल इंडिया रैंकिंग प्रतियोगिताओं में कांगड़ा के खिलाड़ियों के भाग लेने में संशय बना हुआ है। धर्मशाला स्थित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में अग्निवीर भर्ती के चलते 30 जून तक बैडमिंटन खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाएंगे।स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के सिंथेटिक ट्रैक में अग्निवीर भर्ती की दौड़ और इंडोर परिसर में चयनित युवाओं का मेडिकल चेकअप किया जा रहा है।
हालांकि सेना ने इसकी स्वीकृति ली है। इसके चलते उनका रोज का अभ्यास छूट गया है। कांगड़ा से करीब 20 खिलाड़ी सीनियर, जूनियर और सब जूनियर ऑल इंडिया रैंकिंग प्रतियोगिता लेने की उम्मीद थी ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन अपनी रैंकिंग बना सके। इस बार हैदराबाद में 3 से 9 जुलाई तक सीनियर वर्ग की ऑल इंडिया रैंकिंग प्रतियोगिता होगी, जबकि 4 से 10 जुलाई को भुवनेश्वर में सब जूनियर रैंकिंग प्रतियोगिता और 16 से 22 जुलाई को बंगलूरू में जूनियर वर्ग की रैंकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें जूनियर रैंकिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 30 जून के बाद अभ्यास का मौका मिला जाएगा, लेकिन सीनियर और सब जूनियर के खिलाड़ियों के पास अभ्यास का कोई मौका नहीं होगा। वहीं, सेना के एक अधिकारी ने कहा कि यह मामला जिला प्रशासन का है। वही इसके बारे में बता सकते है।
बैडमिंटन एसोसिएशन कांगड़ा के अध्यक्ष सुनील मनोचा ने कहा कि बिना अभ्यास के खिलाड़ियों से मेडल की उम्मीद नहीं की जा सकती है। सरकार और विभाग को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में केवल खेल गतिविधियों को ही करवाना चाहिए, ताकि खिलाड़ी रोज अभ्यास कर अपने खेल को बेहतर बना सकें और अपनी रैंकिंग में सुधार कर सकें। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह-शाम रोजाना 80 खिलाड़ी बैडमिंटन का अभ्यास करते हैं।
बैडमिंटन एसोसिएशन कांगड़ा के सचिव विलास हंस ने कहा कि बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए अभ्यास करने के लिए धर्मशाला का इंडोर स्टेडियम था लेकिन सेना की भर्ती के चलते खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे है। बिना अभ्यास के खिलाड़ी से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती है। अगले महीने कई खिलाड़ियों की ऑल इंडिया रैंकिंग प्रतियोगिताएं है। बिना अभ्यास के रैंक लाना मुश्किल जैसा है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





