
खबर अभी अभी ,
ऊना/अम्ब।
जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत भैरा-धुसाड़ा की सीमा पर नालागढ़ पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में नालागढ़ पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति एक ढाबे पर भोजन कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर तीन आरोपियों को काबू कर लिया, जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल रहा था।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर हत्या, लूटपाट और चोरी जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में भी इनके खिलाफ हत्या और लूट के मामले दर्ज हैं। आरोप है कि आरोपी वहां से एक महिंद्रा पिकअप (UP 11 BT 4248) चोरी कर हिमाचल-पंजाब सीमा क्षेत्र तक पहुंचे थे। इसके अलावा बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों में इनके शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी पशु चोरी कर उन्हें बेचने का काम भी करते थे।
नालागढ़ क्षेत्र में हुई चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर भैरा-धुसाड़ा सीमा क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने फरार आरोपी की तलाश में पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी। समाचार लिखे जाने तक चौथा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका था।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।





