
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 जून 2023
पुराना कांगड़ा की सीनियर सिटीजन फॉर्म के बैनर तले एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद अध्यक्ष रेणु शर्मा को गृहकर में की गई बढ़ोतरी के विरोध में ज्ञापन सौंपकर गृहकर बढ़ोतरी को माफ करने की मांग की। चंद्रभूषण मिश्रा और राकेश मेहरा ने कहा कि पुराना कांगड़ा एक टापू जैसा है यहां पर न तो व्यापारिक संस्थान हैं और न ही लोगों के लिए रोजगार के प्रावधान। अधिकतर लोग दिहाड़ीदार है
ऐसे में गरीब जनता पर टैक्स का बोझ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई स्थानीय महिलाएं लोगों के घरों में कामकाज कर रोजी रोटी चला रहीं हैं। ऐसे में गृहकर के अतिरिक्त बोझ ने परेशान कर दिया है। इस मौके पर पूर्व नगर पार्षद ज्ञान चौधरी, सुभाष चौधरी, अनंतनाग मिश्रा, गगन, सुरेश धीमान, प्रकाश दुबे और रमेश चौधरी सहित कई लोग शामिल हुए। उन्होंने पुराना कांगड़ा को पिछड़ा क्षेत्र में घोषित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि न तो यहां ज़मीनों की कोई वैल्यू है न ही यहां की व्यापारिक गतिविधियां नया कांगड़ा जैसी हैं। आय के साधन यहां न के बराबर हैं। नगर परिषद अध्यक्ष रेणू शर्मा ने उन्हें आश्वस्त किया कि जो भी संभव हो पाएगा, नगर परिषद प्रशासन पुराना कांगड़ा के लोगों को गृहकर में राहत पहुंचाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नवीन तंवर के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर गृहकर बढ़ोतरी को रद्द करने की मांग भी की।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





