कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की रिपोर्ट दो माह में होगी तैयार, हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र देगा सहायता

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने और विमानन अवसंरचना के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार, शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों और प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क को मजबूत करने के विषय प्रमुखता से उठाए गए।

मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार का मामला प्राथमिकता के आधार पर उठाते हुए कहा कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर हवाई संपर्क जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई सेवाओं से पर्यटकों की आवाजाही सुगम होगी और पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट दो माह के भीतर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के लिए सक्षम सलाहकार नियुक्त करने और निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट तैयार करवाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो माह में रिपोर्ट तैयार होने से कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से परियोजना की लागत का यथार्थ आकलन करने का भी आग्रह किया।

हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र से सहयोग

बैठक में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में विकसित किए जा रहे हेलीपोर्ट के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए हेलीपोर्ट नेटवर्क को मजबूत करना आवश्यक है।

उन्होंने आपात परिस्थितियों में त्वरित सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए हेलीपोर्ट निर्माण में केंद्र से सहयोग का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने उड़ान योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में हेलीपोर्ट के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने पर सहमति जताई।

शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर चर्चा

बैठक में शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों के संचालन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने शिमला को नियमित हवाई संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस दौरान शिमला एयरपोर्ट की रनवे क्षमता के अनुरूप उपयुक्त विमानों के संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई, ताकि नियमित हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में व्यावहारिक विकल्प तलाशे जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट की तर्ज पर शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के स्थान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने का प्रस्ताव भी रखा। केंद्रीय मंत्रालय की ओर से इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, शिमला एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवाएं और प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क का विस्तार पर्यटन के साथ-साथ दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, प्रधान आवासीय आयुक्त अजय कुमार तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share the news