
कुल्लू —
जिला कुल्लू की कुल्लू तहसील के अंतर्गत लग घाटी के फाटी पीज एवं कोठी महाराजा के जोकु नाला क्षेत्र में वीरवार दोपहर एक टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय वाहन में 10 महिलाएं, एक बच्चा और चालक सहित कुल 12 लोग सवार थे।
उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। वहीं 4 घायलों को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है, जिनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है।
इसके अलावा 2 गंभीर घायलों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जिन्हें 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। अन्य घायलों को भी राहत राशि प्रदान की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, एसडीएम कुल्लू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट…





