गगरेट में हेरोइन माफिया हुआ बेखौफ, पुलिस ने दो युवकों से प्राप्त की 12.50 ग्राम हेरोइन

#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*

20 जून 2023

गगरेट हेरोइन माफिया कितना बेखौफ और बेलगाम हो गया है, इसका उदाहरण रविवार देर शाम गगरेट में देखने को मिला। होशियारपुर से हेरोइन की खेप लेकर कार में आ रहे हमीरपुर के नादौन के दो युवकों ने कई लोगों की जान आफत में डाल दी। गनीमत यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इसके पास से 12.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 50,000 बताई जा रही है। आरोपियों को सोमवार को गगरेट पुलिस ने न्यायालय में पेशकर उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।

जानकारी के अनुसार होशियारपुर से हिमाचल की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन कार सवार कार को भगा ले आए। इसी बीच पुलिस ने गगरेट कस्बे में एवं शिवबाड़ी के समीप नाकेबंदी कर दी। मुख्य चौक में गाड़ियां लगाकर जाम जैसी स्थिति पैदा करवाई। लेकिन इसी बीच चिट्टा माफिया ने कई वाहनों को टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया। लेकिन सफल नहीं हो पाए। आरोपियों में नादौन तहसील से संबंधित जलाड़ी गांव का रजत कुमार और गगाल गांव का पुनीत शामिल हैं। गगरेट पुलिस की इन दोनों पर कई दिनों से नजर थी। पुलिस की मानें तो दोनों आरोपी हर बार रास्ता बदलकर तस्करी कर रहे थे। रविवार को भी वे हेरोइन की खेप लेने पंडोगा की ओर से होशियारपुर गए और आते समय उन्होंने गगरेट का रूट पकड़ा। यहां पहले से ही पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस की तलाशी में इन्होंने कार में अलग-अलग जगह चिट्टे की खेप छुपा कर रखी थी।

डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेशकर उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस उस सोर्स का भी पता लगाने का प्रयास करेगी जहां से आरोपी हेरोइन खरीद रहे थे।

#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*

Share the news