
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
15 जून 2023

आयुष विभाग द्वारा नौवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत बुधवार सुबह आयुष विभाग के विभिन्न चिकित्सा अधिकारियों ने जिला भर के 19 नशा निवारण केंद्रों में पहुंचकर उपचाराधीन रोगियों को योगाभ्यास करवाया। इसके साथ ही उन्हें नियमित रूप से योग करने का आह्वान भी किया। आयुष विभाग की जिला अधिकारी डॉ आनंदी शैली ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को जिला के सभी नशा निवारण केंद्रों में पहुंचकर योगाभ्यास कराया गया है। आनंदी शैली ने बताया कि विभाग द्वारा जिला के हर छोटे-बड़े शिक्षण संस्थान को भी योग के साथ जोड़ने के अलावा पंचायत स्तर पर भी योग की अलख जगाने के लिए खाका तैयार किया जा रहा है। जिसके तहत ग्राम पंचायतों के प्रधान से लेकर वार्ड पंच तक को समितियों में शामिल करते हुए लोगों को निरोगी जीवन का मूल मंत्र दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी एक बड़ा कार्यक्रम प्लान किया जा रहा है जिसमें विभिन्न अधिकारियों सहित जिला वासियों को भी विशेष रुप से जोड़ते हुए योग का प्रचार प्रसार निश्चित किया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





